
रुद्रपुर। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अपने कार्यालय में गणना प्रपत्र भरकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुद्रपुर मनीष बिष्ट तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दीपा आर्या ने उनसे गणना प्रपत्र भरवाया।
घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, जुटाएंगे मतदाताओं की जानकारी
गणना प्रपत्र भरने के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 1,464 मतदेय स्थलों पर तैनात बीएलओ 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त करेंगे।
मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की पहल
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाया जा सके।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। ऐसे में जब बीएलओ घर-घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्रों के वितरण व संग्रहण की प्रक्रिया में पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सकता है।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सुपरवाइजर संजय कुमार वर्मा, आईटी प्रभारी पिंकी कौर तथा राजू पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



