
देहरादून में भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी संगठन प्रदेश स्तर पर सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटा हुआ है। इसी सिलसिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
पारंपरिक स्वागत की तैयारियां पूरी
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी ने उनके स्वागत को सादगीपूर्ण लेकिन भव्य बनाने की योजना तैयार की है। जानकारी के अनुसार, पारंपरिक वेशभूषा में कार्यकर्ता 25 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत करेंगे।
28 मई को जौली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे नितिन नवीन
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई को शाम 4:35 बजे जौली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद वह शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मंत्रियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं से करेंगे मुलाकात
दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह पूर्व मुख्यमंत्री बी. सी. खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार से भेंट करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में आयोजित विभिन्न बैठकों में भाग लेंगे।
इन बैठकों में सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। शाम के समय मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी।
बूथ कार्यक्रम और युवा संवाद में होंगे शामिल
दौरे के अंतिम दिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे बूथ स्तर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे और शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
30 मई को दिल्ली लौटेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 30 मई को शाम 4:35 बजे जौली ग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पार्टी संगठन उनके दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।



