
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. टूर्नामेंट का एक अहम मुकाबला 27 फरवरी को न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच कोलंबो में खेला गया. जहां इंग्लिश टीम को चार विकेट से जीत मिली. इंग्लैंड की जीत के साथ ही करीब-करीब यह साफ हो गया है कि सेमी-फाइनल में कौन सी चार टीमें शिरकत करेंगी. यहीं नहीं भारतीय टीम का मुकाबला किस टीम के साथ होगा. वह नाम भी लगभग सामने आ चुका है.
इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका सेमी-फाइनल में कर चुकी है प्रवेश
टूर्नामेंट के 49 मुकाबले बीत जाने के बाद दो टीमों का कंफर्म हो गया है कि वह सेमी-फाइनल में शिरकत कर रही हैं. ये दोनों टीमें पहले ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका और दूसरे ग्रुप से इंग्लैंड की हैं. यहीं नहीं न्यूजीलैंड की टीम का भी सेमी-फाइनल खेलना करीब-करीब पक्का है. क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ हार के बावजूद अंकतालिका में कीवी टीम का पलड़ा पाक टीम से काफी भारी है.
पाक टीम को अगर सेमी-फाइनल में प्रवेश करना है तो उसे अपने एकमात्र बचे मैच में श्रीलंका को ना केवल शिकस्त देनी होगी, बल्कि बेहतर तरीके से जीत हासिल करनी होगी.
ग्रीन टीम को अपने अगले मुकाबले में श्रीलंका को रनों के लिहाज से 64 रनों से हराना होगा. वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.1 ओवरों में जीत हासिल करनी होगी. तब ही वह सेमी-फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है, नहीं तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.
सेमी-फाइनल में इंग्लैंड के साथ हो सकती है भारतीय टीम की भिड़ंत
वहीं बात करें पहले ग्रुप के बारे में तो अफ्रीका का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे के साथ है. वहीं दूसरे मैच में भारतीय टीम की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ है. प्रोटियाज टीम के फॉर्म को देखते हुए पूरी संभावना नजर आ रही है कि वह अपने से काफी कमजोर जिम्बाब्वे के खिलाफ आसानी से जीत हासिल कर लेगी.
वहीं जारी टूर्नामेंट में जरूर वेस्टइंडीज ने अपने प्रदर्शन से हर किसी को चौंकाया है. मगर ध्यान देने वाली बात यह है कि टूर्नामेंट में कैरिबियन टीम ने मजबूत टीमों के खिलाफ कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है. इसके अलावा भारतीय के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में उसका रिकॉर्ड भी कुछ खास नहीं है. यही सब वजहें है कि मजबूत भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले ही क्रिकेट पंडित विजेता मान रहे हैं.
कुछ इस तरह खत्म हो सकता है ‘सुपर-8’ चरण का समापन
अगर ये सब संभावनाएं ‘सुपर-8’ चरण में घटित होती हैं तो पहले ग्रुप से पहले स्थान पर रहते हुए अफ्रीकी टीम, जबकि दूसरे स्थान पर रहते हुए भारतीय टीम सेमी-फाइनल में प्रवेश करेगी. वहीं दूसरे ग्रुप से इंग्लैंड ने टॉप पर रहते हुए सेमी-फाइनल में प्रवेश किया है. वहीं दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड की प्रबल संभावना बन रही है.
सेमी-फाइनल में कुछ इस तरह भिड़ेंगी चारों टीमें
सेमी-फाइनल में ग्रुप एक की पहली टीम ग्रुप दो के दूसरे और ग्रुप एक की दूसरी टीम ग्रुप दो के पहली टीम से भिड़ेगी. इस प्रकार सेमी-फाइनल में दक्षिण अफ्रीका का न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का भारतीय टीम से भिड़ंत होने की प्रबल संभावना बन रही है.


