
चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में चंपावत जनपद विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में विधायक निधि के माध्यम से चंपावत विधानसभा क्षेत्र की 113 ग्राम सभाओं और 27 नगर वार्डों में कुल ₹8 करोड़ 70 लाख की धनराशि से कई महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
विकास का उद्देश्य और जनता तक पहुँच
मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक के रूप में धामी ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। स्वीकृत कार्यों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं।
विधायक निधि से स्वीकृत कार्य
-
सार्वजनिक मेला स्थलों का विकास: 77 कार्य
-
सीसी मार्ग निर्माण: 81 कार्य
-
संपर्क मार्ग निर्माण: 39 कार्य
-
मार्ग सुधारीकरण: 17 कार्य
इसके अतिरिक्त इंटरलॉक टाइल्स, हल्के मोटर वाहन मार्ग और आईबीएम भरान से जुड़े कार्य भी सड़कों की गुणवत्ता और यातायात सुरक्षा में सुधार करेंगे।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान
जनस्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए पेयजल स्रोत, शौचालय, वाटर कूलर और ह्यूम पाइप से संबंधित कार्य स्वीकृत किए गए हैं। सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु जन मिलन केंद्र, सामुदायिक भवन, कक्ष निर्माण और फर्नीचर सहित अन्य निर्माण कार्य भी किए जा रहे हैं।
धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विकास
धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण के लिए मंदिर सौंदर्यीकरण के 44 कार्य, होली प्रांगण, रामलीला मंच, प्रवेश द्वार और मुक्तिधाम निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक उपयोग के लिए पार्क, टीन शेड, साइकिल स्टैंड और सौर ऊर्जा प्लांट के कार्य भी किए जाएंगे।
महिला, बाल विकास और शिक्षा
महिला और बाल विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण और स्मार्ट क्लास की स्थापना से शैक्षिक सुविधाओं में सुधार होगा। युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा।
सुरक्षा और आपदा प्रबंधन
सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा दीवार, घेरवाड़, पुलिया, चारदीवारी और लघु मरम्मत के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक निधि का समर्पण और जनता की प्रतिक्रिया
नोडल अधिकारी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पूरी विधायक निधि जनहित और विकास कार्यों के लिए समर्पित की है, जिससे चंपावत में विकास को अभूतपूर्व गति मिली है।
आंग्ल नववर्ष 2026 के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने विकास की इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश और जनपदवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए यह संकल्प दोहराया कि विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी और शेष कार्यों को अन्य योजनाओं के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।



