
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग में नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता एवं अधिवक्ता अभिनव थापर को प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अभिनव थापर को यह जिम्मेदारी उनके दो दशक से अधिक लंबे संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए सौंपी गई है। उन्होंने एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए संगठन के लिए कार्य किया है।
नई कार्यकारिणी में कई नेताओं को मिली जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की नई कार्यकारिणी में भारत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष एवं को-चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मधुसूदन सुंदरीयाळ, रोहित भट्ट, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को समन्वयक यानी कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।
पार्टी की नीतियों और जनसरोकारों को सोशल मीडिया के जरिए पहुंचाने पर जोर
कांग्रेस नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि अभिनव थापर के नेतृत्व में प्रदेश सोशल मीडिया विभाग संगठन की नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाएगा। इसके साथ ही जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को भी सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर मजबूती से उठाया जाएगा।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई टीम संगठन की गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



