
रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कार्यालय/न्यायालय तथा संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति और अभिलेखों के रखरखाव की गहन समीक्षा की।
न्यायालयीन वादों के त्वरित निस्तारण पर जोर
अपर जिलाधिकारी कार्यालय एवं न्यायालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी न्यायालयीन वादों का त्वरित गति से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी वादों को अनिवार्य रूप से आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज किया जाए तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। इसके साथ ही फौजदारी, राजस्व, स्टांप और खनन से संबंधित वादों के शीघ्र निस्तारण के भी स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बोर्ड ऑफ रेवेन्यू व रजिस्ट्रेशन कार्यों की समीक्षा
जिलाधिकारी ने बोर्ड ऑफ रेवेन्यू से प्राप्त वादों की जानकारी लेते हुए उन्हें त्वरित गति से निस्तारित करने और सही वैल्यूएशन के आधार पर जुर्माना व राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को यह भी निर्देशित किया कि रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में की जा रही रजिस्ट्रियों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए, ताकि पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट में पत्रावलियों का निरीक्षण
संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खनिज न्यास पटल और न्याय सहायक पटल की पत्रावलियों का विस्तार से अवलोकन किया। खनिज न्यास पटल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने खनन राजस्व वसूली के लिए सीआरए और खनन विभाग से आरसी का मिलान कराने के निर्देश अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा प्रभारी अधिकारी संयुक्त कार्यालय को दिए।
अभिलेखों के समुचित रखरखाव के निर्देश
न्याय सहायक पटल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गाड फाइल को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पत्रावलियों और पंजिकाओं के समुचित रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए पुराने अभिलेखों को रिकॉर्ड रूम में भेजने तथा जो पत्रावलियां नष्ट करने योग्य हों, उनकी सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, ओसी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय, ऋचा सिंह, मुख्य व्यक्तिगत सहायक आनंद विश्वकर्मा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या, पटल सहायक देव पालनी, राहुल आर्या सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



