उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर में ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम का शुभारंभ, सांसद अजय भट्ट ने किया उद्घाटन

रुद्रपुर। सांसद एवं पूर्व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शनिवार को सिटी क्लब में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश से सेवा सप्ताह अभियान का शुभारंभ किया, जिसका कार्यक्रम स्थल पर लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री का संबोधन भी सुना।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर : अजय भट्ट

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफलतापूर्वक पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार, किच्छा में एम्स की स्थापना, रिंग रोड निर्माण तथा मेडिकल कॉलेज जैसे अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही आयुर्वेद एम्स की स्थापना के लिए भी केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है, जिसकी स्वीकृति शीघ्र मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड में आयुर्वेद एम्स की स्थापना होती है तो यह राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों के कारण जनता का डबल इंजन सरकार पर पूरा भरोसा कायम है।

जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को दी शुभकामनाएँ

क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा तथा पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पाँच वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारकर आम जनता तक उनका लाभ पहुँचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को अपना परिवार मानकर सेवा कर रहे हैं तथा बीते पाँच वर्षों में निरंतर विकास कार्य हुए हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, अमित नारंग एवं भारत भूषण चुघ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएँ दीं।

सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह अभियान पूरे जनपद में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। शिविरों में विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया जाएगा।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, लाभार्थियों को वितरित की गई सहायता

कार्यक्रम में आधार कार्ड केंद्र, खाद्य विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, समाज कल्याण, पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, जिला उद्योग केंद्र, उरेडा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, पशुपालन, डेयरी तथा जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर के दौरान 12 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए। उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 20 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। नगर निगम ने मौके पर 9 जन्म प्रमाण-पत्र एवं 1 मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किया।

रीप (REAP) परियोजना के तहत विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टरों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। नारी शक्ति क्लस्टर एवं नारी शक्ति वीओ को 6-6 लाख रुपये, संघर्ष सीएलएफ एवं बंधन सीएलएफ को 3.5-3.5 लाख रुपये, प्रतिभा सीएलएफ को 6 लाख रुपये, गंगा सरकार समूह को 30 हजार रुपये तथा लिया रावत को 90 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कृषि मंत्री प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, सुरेश कोली, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. ए.के.एस. यादव, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button