उत्तराखंडराज्य

मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ ने सीएम धामी को सौंपा ज्ञापन, चार सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई का मिला आश्वासन

हल्द्वानी। बेरोजगार मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को हल्द्वानी के लाखनमंडी, चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ पैलेस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों की चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यहां भाजपा के कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखीं।

26 वर्षों से रोजगार की राह देख रहे तकनीशियन

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश के डिग्रीधारी बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियन पिछले 26 वर्षों से रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संघ के अनुसार, प्रदेशभर के डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियन अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 91 दिनों से एकता विहार धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद अभी तक सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस निर्णय या प्रभावी पहल नहीं की गई है।

रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से चार सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई करने के साथ ही डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के भविष्य को देखते हुए सरकार को इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने उनकी मांगों पर जल्द उचित और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आश्वासन के बाद जगी उम्मीद

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों को राहत प्रदान करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में पंकज थुवाल, धर्मेंद्र वालिया, विजय पांडे, गौरव मेवाड़ी, प्रदीप जोशी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button