
खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भारत-नेपाल सीमा से सटे खटीमा के लोहियाहैड क्षेत्र का दौरा कर शारदा बाईपास चैनल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है लोहियाहैड क्षेत्र
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहैड का इलाका अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और घने जंगलों के कारण पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश के पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
शारदा कॉरिडोर परियोजना से जुड़ेगा सीमांत क्षेत्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि शारदा कॉरिडोर के विकास का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अंतर्गत लगभग 200 वर्ग किलोमीटर के दायरे में आने वाले लोहियाहैड क्षेत्र को भी विकास योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सीमांत क्षेत्र के युवाओं को अपने ही इलाके में बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास और रोजगार को साथ लेकर आगे बढ़ना है।
संरक्षण और विकास पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के साथ-साथ प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण को भी समान महत्व दे रही है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास की संभावनाओं का आकलन किया गया, ताकि भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, रंदीप पोखरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



