
रुद्रपुर। जिला प्रशासन के तत्वावधान में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा, हर घर झंडा’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मेयर विकास शर्मा ने किया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा युवक और महिला मंगल दलों के सदस्य मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर विकास शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा, हर घर झंडा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।
घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा, हर घर झंडा’ अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी तिरंगा यात्राएं, जनजागरूकता कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘हर घर तिरंगा, हर घर झंडा’ अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



