उत्तराखंडराज्य

जौलजीबी मेला भारत-नेपाल की पारंपरिक मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक सहभागिता का प्रतीक: मुख्यमंत्री

अपने पैतृक गांव पहुंचे और मॉ का हाथ थामे गांव की पगडंडियों पर चलने पर जीवंत हुई बचपन की स्मृतियां

जौलजीबी,पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ पहुंचे और जौलजीबी में आयोजित मेले का शुभारंभ किया।

भारत-नेपाल की सांस्कृतिक एकता और सदियों पुराने व्यापारिक रिश्तों की धरोहर ऐतिहासिक जौलजीबी मेला शुक्रवार को परंपरागत उत्साह के साथ शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान मंच से उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुनस्यारी और धारचूला क्षेत्र में पर्यटन व संपर्क सुविधा बढ़ाने के लिए कई निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा की गई प्रमुख घोषणाएं –

हूपली ग्राम में झलूड़ी–पल्याती मार्ग का निर्माण

बगीचा से धारचूला कोट ट्रैकिंग मार्ग और मेला स्थल का विकास

पय्या पौड़ी–नालालेख शिव मंदिर तक ट्रैक रूट निर्माण

कालापानी–दशरथ पर्वत कुंड तक संपर्क मार्ग निर्माण

ग्राम सुरिंग में आंतरिक CC मार्ग निर्माण

सिमगड़ नदी भैंसकोट में RCC पुलिया व संपर्क मार्ग निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत-नेपाल की पारंपरिक मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक सहभागिता का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि वे स्वयं बचपन में इस मेले में शामिल होते रहे हैं, इसलिए उनका इस मेले से विशेष भावनात्मक लगाव है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंध और मजबूत हुए हैं। पीएम द्वारा “एक जिला–एक मेला” की परिकल्पना को उत्तराखंड में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि पारंपरिक मेलों को नई पहचान मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद में कई बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं—

750 करोड़ रुपये से मेडिकल कॉलेज का निर्माण

स्पोर्ट्स कॉलेज में 34 करोड़ की लागत से आधुनिक मल्टीपरपज हॉल

बेरीनाग में 28 करोड़ से भव्य स्टेडियम जल्द शुरू

मेडिकल कॉलेज में 21 करोड़ की लागत से 50-बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक

अस्कोट, गंगोलीहाट, धारचूला में 25 करोड़ की लागत से नए बस स्टेशन

पिथौरागढ़ में रोडवेज वर्कशॉप निर्माण

PMGSY के तहत 327 करोड़ की सड़कों का निर्माण जारी

नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 450 करोड़ स्वीकृत, भू-अधिग्रहण जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष फोकस कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि अब सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं और प्रतिभाशाली युवा योग्यता के आधार पर नौकरियां पा रहे हैं।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता पद यात्रा में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में विधायक हरीश धामी, विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद व भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मेला आगंतुक उपस्थित रहे।

मेले का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री श्री धामी अपने पैतृक गांव टुंडी–बारमौं पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मां का हाथ पकड़कर गांव की पगडंडी पर चलना शुरू किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस भावुक यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा कि उनका पैतृक गांव उनके लिए सिर्फ स्थल नहीं, बल्कि उनकी जड़ें, संस्कार और पहचान है। उन्होंने कहा कि गांव में बुजुर्गों का स्नेह, नौनिहालों और युवाओं की मुस्कुराहटों ने उनकी बचपन की यादें जीवंत कर दीं।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने ब्रह्मचारी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने वहीं प्राथमिक स्कूल से तीसरी तक की पढ़ाई की थी, जिसके बाद उनका परिवार खटीमा चला गया।

मुख्यमंत्री ने लिखा, “हर चेहरा अपना लगा, हर आंगन स्मृतियों से भरा और हर कदम बचपन की गलियों से होकर गुजरता हुआ महसूस हुआ। आपका स्नेह और विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी है, जो हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करता रहेगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button