उत्तराखंडराज्य

काशीपुर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित, 44 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

काशीपुर। परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने काशीपुर क्षेत्र के लिए कुल 44.36 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें 31.35 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और 13.01 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

विकास योजनाओं से मजबूत होगा काशीपुर का आधारभूत ढांचा

मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि काशीपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया जा रहा है।

जनता की समस्याओं का मौके पर किया जा रहा समाधान

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और विकास कार्यों को लगातार गति मिलती रहे।

काशीपुर को मिलेगी आधुनिक परिवहन सुविधा

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने काशीपुर रोडवेज बस स्टेशन की स्थिति और यात्रियों की समस्याओं पर कहा कि वर्तमान बस स्टेशन काफी पुराना हो चुका है। यहां पेयजल, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को देखते हुए नए बस स्टेशन के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि जल्द ही नए बस स्टेशन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा शहर में छोटे बस स्टॉप विकसित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके।

मंत्री ने कहा कि काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए करीब 20 नई बसें संचालित करने की योजना बनाई जा रही है। इनमें इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे लोगों को सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिवाली से पहले नई बसें सड़कों पर उतरनी शुरू हो जाएंगी। पुरानी बसों को भी मरम्मत और उन्नयन के बाद उपयोग में लाया जाएगा।

टैक्सी संचालकों की समस्याओं पर भी सरकार गंभीर

शेयरिंग टैक्सी चालकों की समस्याओं पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से काम कर रही है। पुरानी गाड़ियों के निस्तारण, नई व्यवस्था और परिवहन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को राहत देने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और काशीपुर को आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नगर क्षेत्र में करोड़ों की परियोजनाओं का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम क्षेत्र में विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें:

  • 1.97 करोड़ रुपये की लागत से दो स्थानों पर पैकिंग कार्य।
  • 20.43 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के विभिन्न वार्डों में 77 स्थानों पर सड़क, नाली और नाला निर्माण कार्य।
  • 1.80 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मोड पर 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन निर्माण।
  • 7.15 करोड़ रुपये की लागत से पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन निर्माण कार्य शामिल हैं।

शिविर में लोगों को योजनाओं का मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनसेवा स्टॉल लगाए गए, जहां आम नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 54 आवेदन और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।

इस दौरान बबीता देवी को क्रेडिट कार्ड, दानिश को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं शकुंतला देवी और रीना सिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई।

विभिन्न विभागों ने लगाए जनसेवा स्टॉल

शिविर में नगर निगम, राजस्व, विद्युत, मत्स्य, कृषि, सैनिक कल्याण, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, शालिनी नेगी सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button