उत्तराखंडराज्य

देहरादून: गणतंत्र दिवस पर सूचना विभाग की झांकी ने जीता प्रथम स्थान

देहरादून में गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग की झांकी ने लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया। इस वर्ष झांकी का विषय था ‘‘रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’’, जिसमें उत्तराखण्ड के 25 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन-संबंधी विविध पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।

झांकी का प्रथम भाग: धार्मिक स्थल और राज्य की सांस्कृतिक पहचान

झांकी के आरंभिक भाग में गंगा मंदिर, मुखवा को दर्शाया गया, जो माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल है। अग्रिम केबिन में उत्तराखण्ड राज्य गठन के 25 गौरवशाली वर्षों का चित्रण किया गया, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और सतत प्रगति को रेखांकित किया गया।

झांकी का मध्य भाग: आयुर्वेद और ग्रामीण पर्यटन

झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखण्ड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसमें राज्य की समृद्ध औषधीय वनस्पतियों और प्राचीन चिकित्सा परंपरा को दर्शाया गया। ट्रेलर के दूसरे खंड में होम-स्टे योजना को प्रदर्शित किया गया, जो ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय रोजगार बढ़ाने का माध्यम है।

झांकी का अंतिम भाग: धार्मिक यात्रा और सतत विकास

इसके पश्चात झांकी में खरसाली स्थित यमुना मंदिर को दर्शाया गया, जो माँ यमुना का शीतकालीन धाम है। झांकी के अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से उत्तराखण्ड की वर्ष-दर-वर्ष होती प्रगति को प्रदर्शित किया गया, जो राज्य के सतत विकास का प्रतीक है। पार्श्व भाग में राज्य में लागू नए कानूनों को दिखाया गया, जो सुशासन और सुदृढ़ कानून व्यवस्था के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।

झांकी की सजावट और कला

झांकी में पृष्ठभूमि में की गई ऐंपण कला की सजावट ने पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ते हुए झांकी को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इसकी समग्र प्रस्तुति ने दर्शकों और जूरी सदस्यों का मन मोह लिया और सूचना विभाग को राज्य स्तरीय प्रथम स्थान दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button