भारतीय दूतावास ने ईरान को लेकर अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की, ‘तेहरान यात्रा टालें, तुरंत देश छोड़ें’

तेहरान: ईरान जाने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों को अपनी यात्रा टालने की सलाह दी गई है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को अपनी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच हमले तेज हो गए हैं और पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। एडवाइजरी में तेहरान में पहले से मौजूद भारतीयों से कमर्शियल उड़ानों का इस्तेमाल करके देश छोड़ने को कहा गया है।
भारतीयों से यात्रा टालने की सलाह
भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि “हाल के दिनों में ईरान में अस्थिरता और संघर्ष का स्तर बढ़ा है।’ इसमें आगे कहा गया कि “जो भारतीय नागरिक किसी भी मकसद से ईरान जाने की योजना बना रहे हैं, उन्हें सुरक्षा हालात बेहतर होने तक अपनी यात्रा टाल देनी चाहिए। जो भारतीय पहले से ही ईरान में हैं, उन्हें उपलब्ध फ्लाइट विकल्पों का इस्तेमाल करके कुछ समय के लिए ईरान से बाहर निकलने पर विचार करना चाहिए।”
जो भारतीय नागरिक ईरान में रहने का ही फैसला करते हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे बहुत ज्यादा सावधानी बरतें, स्थानीय घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखें और सैन्य गतिविधियों वाले इलाकों खासकर ईरान के दक्षिणी तट के पास के इलाकों में जाने से बचें। साथ ही यह भी कहा गया कि स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
दूतावास पर रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह
एडवाइजरी में ईरान में मौजूद सभी भारतीयों से कहा गया है कि जिन्होंने अभी तक दूतावास के पास रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे तुरंत ऐसा करें और आगे की जानकारी के लिए इसकी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनलों को नियमित रूप से देखतें रहें।
अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ा
यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव बढ़ा हुआ है। रविवार को ईरान ने कहा कि अमेरिका ने उसके निर्माणाधीन दारखोविन परमाणु ऊर्जा संयंत्र और दूसरे ठिकानों पर हमले किए हैं। इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कहा है कि वह ईरान के दारखोविन में बन रहे परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुए हमले की खबरों की जांच कर रही है।



