उत्तराखंडराज्य

खटीमा में विंटर कार्निवाल का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और छात्र संघ के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

भजन क्लंबिंग: संस्कृति, आस्था और युवा चेतना का संगम

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ द्वारा पहली बार विंटर कार्निवाल के अंतर्गत भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत एक सराहनीय पहल है। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा ऊर्जा के संगम का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन यह सिद्ध करते हैं कि आज का युवा आधुनिक सोच के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। संगीत, भक्ति और संस्कृति के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना इस प्रकार के आयोजनों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

खटीमा: मुख्यमंत्री की कर्मभूमि और पहचान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भावुक शब्दों में कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका घर, उनकी कर्मभूमि और उनकी पहचान है। उन्होंने कहा कि खटीमा की मिट्टी ने उन्हें सेवा के संस्कार दिए और यहीं से उन्होंने जनसेवा की पहली सीढ़ी चढ़ी। यही कारण है कि यहां की हर गली और हर गांव उनके दिल के बेहद करीब है।

खटीमा में विकास को मिली नई गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने खटीमा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए हैं। गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर में पुल निर्माण और क्षेत्र में सड़कों के व्यापक नेटवर्क से कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड के नए अस्पताल परिसर का भी उल्लेख किया।

शिक्षा, उद्योग और रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए “साथी केंद्र” की स्थापना, औद्योगिक विकास को गति देने हेतु सिडकुल, खटीमा-टनकपुर के बीच प्रस्तावित भव्य सैन्य स्मारक और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू की गई हैं, साथ ही जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी प्रारंभ किया गया है।

जमरानी बांध, एम्स सैटेलाइट सेंटर और स्मार्ट सिटी की दिशा में कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के पुनः प्रारंभ होने से तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्या का समाधान होगा। इसके साथ ही एम्स के सैटेलाइट सेंटर और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के माध्यम से पूरे क्षेत्र के समग्र विकास को गति दी जा रही है।

रोजगार, रिवर्स पलायन और आर्थिक प्रगति की नई कहानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज रोजगार सृजन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। प्रतिव्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि, सड़कों के नेटवर्क में दोगुना विस्तार और बिजली उत्पादन में चार गुना बढ़ोतरी इसके प्रमाण हैं। उन्होंने बताया कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है और एक वर्ष में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है।

कानून व्यवस्था, संस्कृति और समान नागरिक संहिता पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, अस्मिता और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। दंगारोधी, धर्मांतरण विरोधी कानूनों के सख्त क्रियान्वयन, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई, अवैध मदरसों और संरचनाओं पर सख्ती से कार्रवाई कर सरकार ने अपना संकल्प स्पष्ट किया है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत ढोंगियों पर की गई कार्रवाई और समान नागरिक संहिता का लागू होना सामाजिक समरसता की मजबूत नींव है।

युवाओं के भविष्य और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून के चलते 28 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब प्रदेश में पर्ची नहीं, परिश्रम चलता है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए बीते वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है।

शोक संवेदनाएं और कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने खटीमा में विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, छात्र संघ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button