
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद उन्होंने हेलीपैड और कैंप कार्यालय में क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
हर शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए और उसके प्रभावी समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र पर सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक मानी जाएगी, जब आम नागरिक को अपनी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले।
उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, फरजाना बेगम, सुखदेव सिंह नामधारी, किसान सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, दान सिंह रावत, सतीश चंद्र भट्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



