
रूद्रपुर। देशभर में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान की आधिकारिक शुरुआत अजमेर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने के बाद जनपद ऊधमसिंहनगर में भी शुक्रवार से इसका विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।
31 मई तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान 31 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जाएगी, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सके।
जिले को मिली 17,380 डोज, 16 सेशन साइट चिन्हित
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद को राज्य स्तर से 17,380 वैक्सीन डोज प्राप्त हुई हैं। जिले में 16 सेशन साइट चिन्हित की गई हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. डीपी सिंह तथा उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी प्रदीप मेहर ने बताया कि सभी सेशन स्थलों पर कोल्ड चेन व्यवस्था, प्रशिक्षित स्टाफ तथा आवश्यक चिकित्सीय प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है, ताकि टीकाकरण प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मेडिकल कॉलेज में भव्य कार्यक्रम के साथ शुरुआत
पं0 राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम के साथ अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, छात्राओं और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। अंजली, सलोनी, राधा, राधिका, प्रिया, नैना, पूनम जोशी, गीता, प्रीति, माही सैनी, नीलम और अंशु सहित अनेक बालिकाओं ने टीका लगवाकर अभियान का शुभारंभ किया।
बालिकाओं ने कहा कि यह टीका उन्हें भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करेगा और उन्होंने अन्य बालिकाओं से भी आगे आकर टीकाकरण कराने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिकतम पात्र बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित करना है, ताकि जनपद ऊधमसिंहनगर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एक सशक्त उदाहरण बन सके।
प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण
अभियान के शुभारंभ अवसर पर मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनसमूह ने उनके संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। वक्ताओं ने अभिभावकों से अपील की कि वे भ्रांतियों से दूर रहकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं और इस जनहितकारी पहल को सफल बनाएं।
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुरेश परिहार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के प्रतिनिधि अभिषेक सक्सेना, डॉ. एमके तिवारी, डॉ. नम्रता त्रिपाठी, डॉ. मधु माथुर, संजय रावत, डॉ. हरेंद्र मलिक, रक्षित विष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु मस्युनी, दानसिंह भंडारी एवं प्राचार्य उषा रावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



