
सितारगंज में होली का उल्लास इस बार खास अंदाज में देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में हजारों लोग एकत्रित हुए और पारंपरिक होली गीतों पर जमकर झूमे। “सारी दुनिया है दीवानी सौरभ भईया आपकी…” जैसे गीतों पर माहौल पूरी तरह रंगमय हो गया। थारू समाज के होल्यारों ने पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। अबीर-गुलाल लगाकर सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने दी शुभकामनाएं
होली मिलन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और सुमेधा बहुगुणा ने भी सहभागिता की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर होल्यारों और क्षेत्रवासियों को होली की बधाई दी तथा सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे होल्यारों ने बांधा समां
रविवार को प्रातः 11 बजे से मंत्री आवास पर होली गायन का शुभारंभ हुआ। पर्वतीय समाज, थारू समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के महिला एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर कार्यक्रम में पहुंचे। लोकधुनों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर संगत ने वातावरण को पूरी तरह फाल्गुनी रंग में रंग दिया।
लोकगीतों पर झूमे लोग, गूंजे फाग के सुर
कार्यक्रम में “छैला आज की रैन सुहावन”, “रस चुनर भीगै”, “बांके सेलवा के रंग ले के”, “पिया रंगीन मोर”, “गोहर-गोहर गाल में लगा दूं रंग लाल”, “सदा भवानी दाहिनी सिद्धि करे गणेश”, “मोहन गिरधारी”, “बलमा घर आयो फाल्गुन में”, “मत जाओ पिया होली आयी रही” और “जल कैसे भरू जमुना गहरी” जैसे पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति दी गई। इन गीतों पर होल्यारों ने उत्साहपूर्वक ठुमके लगाए और पूरा परिसर रंग, संगीत और उमंग से सराबोर हो गया।
दूर-दराज क्षेत्रों से भी पहुंचे लोग
केवल सितारगंज विधानसभा ही नहीं, बल्कि ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद से भी बड़ी संख्या में लोग होली खेलने मंत्री आवास पहुंचे। इससे कार्यक्रम ने क्षेत्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति
मंत्री सौरभ बहुगुणा के साथ होली उत्सव में पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, अमरजीत कटवाल, उदय राणा, पलविंदर सिंह औलख, दुग्ध संघ अध्यक्ष प्रभा रावत, जया जोशी, योगेंद्र रावत, राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत, शिव कुमार मित्तल, कृष्ण सत्यवली, विनय डबराल, फकीर सिंह कन्याल, अवनीश त्रिवेदी, संजय गोयल, राकेश ढल, राकेश त्यागी, सौरभ अरोरा, गोपाल बोरा, आदेश ठाकुर, गोपाल बिष्ट, पंकज गहतोड़ी, सतीश उपाध्याय, रवि रस्तोगी, बसंत जोशी और रमन चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल रंगों का उत्सव रहा, बल्कि सामाजिक एकता, परंपरा और भाईचारे का भी जीवंत उदाहरण बना।



