
हल्द्वानी। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे स्वयं मरीज बनकर अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं की सघन समीक्षा की।
निरीक्षण में उपस्थित पंजिका की जाँच में 15 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश अस्पताल के सीएमएस को दिए। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की एक्सपायरी डेट की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि मरीजों को बाहर से दवाइयाँ न लिखी जाएँ।
अस्पताल की तकनीकी और सेवाओं का जायजा
सीडीओ ने अल्ट्रासाउंड मशीन, एक्स-रे मशीन और आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित मरीजों की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास खंड कार्यालय भीमताल का औचक निरीक्षण
इसके बाद सीडीओ ने विकास खंड कार्यालय भीमताल का निरीक्षण किया। यहाँ छह कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारियों ने भ्रमण पंजिका में सात दिन पहले भ्रमण दर्ज किया था, लेकिन तब से कार्यालय नहीं आए।
सीडीओ ने विकास खंड में स्वयं सहायता समूहों के रजिस्टर शीघ्र वितरित करने और 31 मार्च तक बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों की उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, एबीडीओ, डीपीओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



