
देहरादून। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) देहरादून महानगर इकाई की ओर से गांधी पार्क से घंटाघर तक भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और परिषद के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मशाल यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में जलती मशालें लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘कारगिल के वीर शहीद अमर रहें’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे जोशीले नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सैनिकों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाना था।
भारतीय सेना से प्रेरणा लेने का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एबीवीपी के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि भारतीय सेना निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में अद्वितीय साहस, पराक्रम और वीरता का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की तथा भारत का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाया।
मौन रखकर शहीदों को किया नमन
मशाल यात्रा का समापन घंटाघर पर हुआ, जहां सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार, विभाग संगठन मंत्री प्रमेश जोशी, डीएवी छात्र संघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, एसजीआरआर छात्र संघ अध्यक्ष बलवीर कुँवर, महानगर मंत्री आयुषी पैन्युली, जिला छात्रा विस्तारिका भावना सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



