उत्तराखंडराज्य

विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों पर फोकस: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची अद्यतन, बीएलओ आउटरीच अभियान, बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के गठन और मतदाताओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया।

सीईओ ने निर्देश देते हुए कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने क्षेत्र में मतदाताओं से संपर्क, समन्वय और संवाद स्थापित करें तथा “BLO आउटरीच अभियान” को प्रभावी ढंग से चलाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बीएलओ के फील्ड भ्रमण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और इसकी रिपोर्ट समय-समय पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाए।

उन्होंने कहा कि वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से आने वाली प्रत्येक पूछताछ और शिकायत का हर हाल में समाधान किया जाए, ताकि कोई भी मतदाता जानकारी पाने में असुविधा महसूस न करे। जनपद और ईआरओ कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क को सक्रिय रखने तथा इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की स्पष्ट ड्यूटी तय करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) को लेकर भी गंभीरता से चर्चा हुई। सीईओ ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर BAG का गठन तत्काल किया जाए, ताकि मतदाताओं को समय रहते आवश्यक जानकारी और सहायता मिल सके और जागरूकता गतिविधियाँ प्रभावी रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button