उत्तराखंडराज्य

सड़क हादसे का रूप देकर की गई हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश

काशीपुर। प्रतापपुर क्षेत्र में 17 अगस्त 2026 की सुबह सड़क किनारे धान के खेत में अनियंत्रित हालत में मिली स्विफ्ट कार और उसमें खून से लथपथ युवक को देखकर प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था। हालांकि, पुलिस की गहन जांच में महज 48 घंटे के भीतर इस घटना के पीछे छिपी हत्या की साजिश का खुलासा हो गया।

कार में मृत मिले युवक की पहचान संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह, निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर-01, कुंडेश्वरी, काशीपुर, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई।

गले पर मिले चोट के निशान से गहराया शक

घटनास्थल की परिस्थितियां भले ही सड़क दुर्घटना की ओर इशारा कर रही थीं, लेकिन पंचायतनामा के दौरान पुलिस ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान संजीव के गले पर मिले चोट के निशान दुर्घटना से अलग और संदिग्ध प्रतीत हुए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। इसी बीच मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक काशीपुर और पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के निर्देशन में कोतवाली काशीपुर पुलिस तथा एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी से खुलने लगी सच्चाई

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की। उसके द्वारा दिए गए बयानों का जब मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से मिलान किया गया तो कई विरोधाभास सामने आए।

इसके बाद पुलिस की जांच की दिशा बदल गई और शक की सुई मृतक की पत्नी तथा उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की ओर घूम गई।

प्रेम प्रसंग में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी। शिवम सैनी और कर्मजीत सिंह उसके यहां हेल्पर के रूप में काम करते थे। इसी वजह से शिवम का संजीव के घर लगातार आना-जाना था।

इसी दौरान शिवम और संजीव की पत्नी निशा के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध स्थापित हो गए। जांच के अनुसार, निशा और संजीव के बीच अक्सर विवाद होता था। निशा अपने पति के साथ होने वाले विवादों की जानकारी शिवम को देती थी।

पुलिस के मुताबिक, धीरे-धीरे दोनों ने संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और शिवम ने अपने साथी कर्मजीत सिंह को भी कथित साजिश में शामिल कर लिया।

जन्मदिन की पार्टी के बहाने संजीव को साथ ले गए

16 अगस्त को शिवम सैनी का जन्मदिन था। पुलिस के अनुसार, जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर शिवम और कर्मजीत संजीव की निजी कार से रामनगर घूमने के लिए निकले।

रामनगर में हत्या का मौका नहीं मिलने पर तीनों वापस काशीपुर क्षेत्र की ओर लौटे। राजपुर रोड, थारी के पास कथित योजना के अनुसार कार चला रहे संजीव के पीछे बैठे कर्मजीत ने 12 बोर के तमंचे से उसकी गर्दन के बाईं ओर सटाकर गोली मार दी।

गोली लगते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे धान के खेत में जा गिरी। इसके बाद शिवम और कर्मजीत घायल संजीव को कार में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शिवम ने फोन कर निशा को कथित तौर पर “काम हो गया” बताया। आरोप है कि हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और वैज्ञानिक तरीके से की गई विवेचना ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने दबिश देकर दोनों किशोरों को पकड़ा

नामजद अभियुक्तों शिवम सैनी और कर्मजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 19 अगस्त को पुलिस टीम ने चौकी कुंडेश्वरी क्षेत्र स्थित मालवा फार्म पुलिया के पास दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा, 03 खोखे, 05 जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए।

पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी निशा की भी हत्या की साजिश में मुख्य भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपी निकले नाबालिग

विवेचना के दौरान शिवम और कर्मजीत के शैक्षिक प्रमाण-पत्रों का परीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। दोनों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्ता

निशा पत्नी स्वर्गीय संजीव कुमार, निवासी बाजावाला, पोस्ट ढकिया नंबर-01, कोतवाली काशीपुर।

विधि-विवादित किशोर

02 विधि-विवादित किशोर।

बरामदगी

  • 01 तमंचा 12 बोर
  • 03 खोखा कारतूस
  • 05 जिंदा कारतूस
  • रक्तरंजित कपड़े

पुलिस टीम

कोतवाली काशीपुर पुलिस:
वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन बुधानी, उप निरीक्षक कौशल भाकुनी, मनोज सिंह धौनी, मीना रावत, गणेश पांडे, संजय सिंह, कंचन पडलिया, गिरीश चंद्र, कांस्टेबल नापु सुरेंद्र कुमार, धीरज सिंह, गजेंद्र गिरी, किरण कुमार मेहता तथा पुलिस सहयोगी राहुल और माजिद।

एसओजी काशीपुर:
उप निरीक्षक सुनील सुतेड़ी, कांस्टेबल इमरान एवं हरीश।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button