उत्तराखंडराज्य

अभाविप की केन्द्रीय कार्यसमिति बैठक में शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण पर व्यापक मंथन

गोवा के जांबावली स्थित श्री दामोदर संस्थान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की दो दिवसीय केन्द्रीय कार्यसमिति बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में देशभर से आए 106 प्रमुख कार्यकर्ताओं ने शिक्षा, समाज, संगठन, पर्यावरण, संस्कृति, खेल एवं सेवा से जुड़े विषयों पर विस्तृत मंथन किया और आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया।

समीक्षा और गहन चर्चा
बैठक में वर्तमान शैक्षिक, सामाजिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों की समीक्षा की गई। संगठनात्मक विचार बैठक–2026, 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन (2025–26) और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। शैक्षिक परिसरों में अनियमितताओं, अनैतिक शुल्क वृद्धि और छात्रहित से जुड़े मामलों पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

आगामी अभियानों का निर्धारण
अभाविप आगामी फरवरी से राष्ट्रव्यापी ‘छात्रावास सर्वेक्षण अभियान’ संचालित करेगी, जिसके माध्यम से छात्रावासों की वास्तविक स्थिति सामने लाकर नीतिगत सुधारों के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ‘स्क्रीन टाइम से एक्टिविटी टाइम’ अभियान के जरिए युवाओं को डिजिटल लत से निकालकर खेल, समाजसेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

नेतृत्व का संदेश
अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी ने कहा कि यह बैठक संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई है। उन्होंने बताया कि अभाविप की कार्यपद्धति संगठनकर्ता को राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने वाला जागरूक नागरिक तैयार करने पर केंद्रित है। राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि पिछली गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत मंथन किया गया।

विशेष ऐतिहासिक अवसरों पर कार्यक्रम रूपरेखा
बैठक में संघ शताब्दी वर्ष, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, महारानी अब्बक्का के 500वें राज्यारोहण वर्ष, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस, वंदे मातरम् के 150 वर्ष, हल्दी घाटी युद्ध के 450 वर्ष, सरदार पटेल सार्धशती वर्ष, भूपेन हजारिका जन्मशती वर्ष और एकात्म मानव दर्शन के 60 वर्ष सहित अन्य ऐतिहासिक अवसरों पर वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण में योगदान
अभाविप की यह केन्द्रीय कार्यसमिति बैठक शिक्षा, संस्कृति, समाज और राष्ट्रनिर्माण को सशक्त आधार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। बैठक ने संगठन को आगामी चुनौतियों का सामना करने और युवाओं के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button