
रुद्रपुर। डॉ. एसके गोस्वामी ने ऊधम सिंह नगर के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वह जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हाल ही में वह चंपावत जनपद में तैनात थे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. गोस्वामी ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
समय पर कार्यालय पहुंचने के दिए निर्देश
कार्यालय के सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक करते हुए सीएमओ ने सभी को समय पर कार्यालय पहुंचने और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरे मनोयोग से कार्य करें तथा विभाग की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वाले किसी भी व्यक्ति को कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग आम जनता से सीधे जुड़ा विभाग है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह लोगों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करे।


