उत्तराखंडराज्य

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की मंडलायुक्त ने की समीक्षा

रुद्रपुर। मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में जिला सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति, मतदाताओं की मैपिंग और प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंडलायुक्त ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने सभी दलों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुसार पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राप्त दावे और आपत्तियों का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

जिले में 11.55 लाख से अधिक मतदाता

बैठक की शुरुआत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने एसआईआर की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आलेख प्रकाशन के समय जनपद में कुल 11,55,672 मतदाता दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि इनमें 1,10,536 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, जबकि 3,36,164 मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां पाई गई हैं। इसके अलावा 4,46,615 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।

2.22 लाख से अधिक नोटिस की सुनवाई पूरी

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जारी किए गए नोटिस में से 2,22,257 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है।

अधिकारियों ने बैठक में एसआईआर की प्रगति से राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया और प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस के ललित बिष्ट, आम आदमी पार्टी की किरण पांडेय विश्वास, बहुजन समाज पार्टी के चंद्रशेखर राव सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button