
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं की सुनवाई की गई और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशीलता के साथ शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी लोगों की समस्याओं को शांतिपूर्वक और संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा पंजीकृत शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करें।

नौ शिकायतें दर्ज, आठ का मौके पर समाधान
तहसील दिवस में भूमि विवाद, मार्ग, मनरेगा भुगतान, सिंचाई गूल और गैस आपूर्ति से संबंधित कुल नौ शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से आठ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में अराजकता पर सख्त निर्देश
महेन्द्र पोपली ने कलेक्ट्रेट आवासीय परिसर में कुछ अराजक तत्वों द्वारा नशाखोरी, मारपीट और छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को रात 9 बजे के बाद कलेक्ट्रेट परिसर के गेट बंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को नियमित गश्त बढ़ाने को कहा गया।
बिजली बिल, मनरेगा भुगतान और गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें भी उठीं
कैलाश चंद्र ने गन्ना विभाग पर किसी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चकमार्ग निर्माण कराने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक गन्ना आयुक्त को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अब्दुल गनी ने अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत की, जिस पर अधिशासी अभियंता विद्युत को मीटर की जांच कर समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा गया। वहीं सुखदेव सिंह ने मनरेगा भुगतान की मांग रखी, जिस पर जिला विकास अधिकारी को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मुकेश कुमार ने घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



