उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों में शुरू होगा ‘विकसित भारत 2047’ अभियान, युवाओं से लिए जाएंगे भविष्य के सुझाव

देहरादून। प्रदेश के सभी राजकीय और निजी विश्वविद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र से ‘विकसित भारत 2047’ मुहिम शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक विश्वविद्यालय में अलग-अलग विषयों पर पांच-पांच सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सेमिनारों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा पद्म पुरस्कार से सम्मानित विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ अभियान के तहत आयोजित कार्यशालाओं में संवाद और विचार-विमर्श सत्र भी होंगे, जिनमें विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय परिसरों में सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा अर्ध मैराथन, साइकिल रैली, लघु फिल्म प्रतियोगिता, सामाजिक मीडिया अभियान और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।डॉ. रावत ने बताया कि इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं का पंजीकरण किया जाएगा। उनसे यह भी सुझाव लिए जाएंगे कि वर्ष 2047 तक वे भारत को किस स्वरूप में विकसित देखना चाहते हैं। विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों को संकलित कर भविष्य की नीतियों और योजनाओं में उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सोच, ऊर्जा और नवाचार को प्रभावी मंच मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button