
रूद्रपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि नगर पंचायत गढ़ीनेगी की निर्वाचन नामावलियों (मतदाता सूचियों) के विस्तृत पुनरीक्षण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय सारणी निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर से 20 दिसंबर तक विभिन्न संगणक, पर्यवेक्षक और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी और कार्यक्षेत्र आवंटन तथा संबंधित जानकारी प्राप्त की जाएगी।
प्रशिक्षण और सर्वेक्षण
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 दिसंबर से 22 दिसंबर तक प्रशिक्षण की अवधि रहेगी। इसके बाद 23 दिसंबर से 6 जनवरी 2026 तक घर-घर जाकर संगणक द्वारा गणना और सर्वेक्षण किया जाएगा। 7 जनवरी से 11 जनवरी तक प्रारूप नामावली की पांडुलिपि तैयार की जाएगी।
डेटा एंट्री और प्रकाशन
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से 5 फरवरी तक प्रारूप निर्वाचक नामावली की डेटा एंट्री और फोटोस्टेट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 6 फरवरी को निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशित किया जाएगा।
दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि 7 फरवरी से 13 फरवरी तक निर्वाचन नामावलियों के आलेख्य का निरीक्षण और दावे/आपत्तियां दाखिल करने की अवधि होगी। 14 फरवरी से 18 फरवरी तक इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
पूरक सूचियाँ और अंतिम प्रकाशन
19 फरवरी से 23 फरवरी तक पूरक सूचियों की डेटा एंट्री और फोटोस्टेट की जाएगी। अंततः 24 फरवरी को निर्वाचन नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
संदर्भ तिथि और नामांकन की योग्यता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विस्तृत पुनरीक्षण हेतु निर्वाचकों की संदर्भ तिथि 1 जनवरी 2026 होगी। इसी दिन तक जिन व्यक्तियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण होगी, उनके नाम निर्वाचन नामावलियों में सम्मिलित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विस्तृत पुनरीक्षण के पश्चात तैयार निर्वाचक नामावलियां ही आगामी सामान्य और उप-निर्वाचन में प्रस्तुत की जाएंगी।



