
देहरादून में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से नि) गुरमीत सिंह से मंगलवार को लोक भवन में हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों और कपाट उद्घाटन तिथि की जानकारी साझा की।
श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की तिथियां और शुभारंभ
श्री बिंद्रा ने बताया कि इस वर्ष श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के पवित्र कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विधिवत रूप से खोले जाएंगे। यात्रा का शुभारंभ 20 मई 2026 को ऋषिकेश से ‘पंज प्यारों’ की अगुवाई में प्रथम जत्थे की रवानगी के साथ होगा।
यात्रा तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा
राज्यपाल ने यात्रा की तैयारियों, व्यवस्थाओं और यात्रा मार्गों पर किए गए अवस्थापना विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए कि समन्वित ढंग से कार्य करते हुए यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाया जाए।
समन्वय और सुरक्षा पर जोर
राज्यपाल ने ट्रस्ट, शासन और स्थानीय प्रशासन के बीच स्थापित प्रभावी समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि पावन यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
शुभकामनाएँ और आशीर्वाद
राज्यपाल ने यात्रा की सफलता और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।



