
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के सम्मान, हितों की सुरक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शुक्रवार को देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सेना में सेवा देने वाले युवाओं को सम्मानजनक भविष्य के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराना है।
पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को होमस्टे योजना में मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा सीमावर्ती गांवों में स्वरोजगार से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए भी विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सेवामुक्त अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक समर्पित सेल बनाया जाएगा, जो उनके मार्गदर्शन और सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सरकारी सेवाओं में आरक्षण और भर्ती में प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही अग्निवीरों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले ले चुकी है। पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता देने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य देश सेवा करने वाले युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड में पूरी पारदर्शिता के साथ 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है।
सैनिक परिवार से होने पर जताया गर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं एक सैनिक परिवार से आते हैं और बचपन से ही सैनिकों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को करीब से देखते आए हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के बीच पहुंचकर उन्हें अपने परिवार जैसा अनुभव होता है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



