नशे के खिलाफ अभियान: पीएम मोदी ने युवाओं और Gen-Z को दिया संदेश; कहा- दुश्मन देश ड्रग्स देकर बच्चों को कर रहे बर्बाद

नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बड़े और संवेदनशील कैंपेन की शुरुआत की है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के विकसित भारत के सफर में आगे बढ़ने के लिए यह आवश्यक है कि युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हों, आत्मविश्वास से भरे हों और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहें।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि मादक द्रव्यों के सेवन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य व्यक्तियों, परिवारों, समाज और राष्ट्र को लाभ पहुंचाना है।
विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “आज हम जिस अभियान को देख रहे हैं, वह व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए है; सबसे बढ़कर, यह राष्ट्र के लिए है। इस आंदोलन का नाम ही, विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा’ पहल, इसके संकल्प को स्पष्ट करता है।”
पीएम मोदी ने कहा, “जैसे-जैसे देश विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर हो रहा है, यह आवश्यक है कि हमारे युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हों, आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों और मादक पदार्थों की घातक लत से हमेशा के लिए मुक्त रहें। यही इस अभियान का उद्देश्य है। हमें यह सुनिश्चित करने का संकल्प लेना चाहिए कि हमारे युवा मादक पदार्थों और व्यसन के खतरों को समझें, सतर्क रहें और इस विनाशकारी आदत से दूर रहें।”
सामाजिक भागीदारी का जिक्र
पीएम मोदी ने सामाजिक अभियानों को आगे बढ़ाने में सामूहिक भागीदारी की शक्ति का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अक्सर चुनौतीपूर्ण कार्यों को व्यक्तिगत रूप से करने में कठिनाई होती है, लेकिन सामूहिक प्रयास अधिक उत्साह और ऊर्जा को प्रेरित कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, “आज, उसी ताकत से प्रेरित यह अभियान हर युवा के दिल को छू रहा है। यह अभियान पिछले साल काशी से एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था।” उन्होंने कहा, “यह अभियान पिछले साल एक प्रायोगिक परियोजना के रूप में शुरू किया गया था। आज करोड़ों साथी नागरिकों के कल्याण के लिए 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन हमारे साथ जुड़ चुके हैं।
क्या है सरकार का ये अभियान?
पीएम मोदी ने कहा, “हम सभी को यह प्रतिज्ञा लेनी चाहिए कि हमारे युवा नशे और मादक पदार्थों के खतरों को समझें, हर तरह से जागरूक रहें और इनसे दूर रहें।” ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने समुदायों में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के राजदूत बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस शुभारंभ के साथ ही मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी जन भागीदारी अभियान की शुरुआत हो गई है, जिसके तहत नशामुक्त समाज के निर्माण में जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए देश भर में हर रविवार को साप्ताहिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।



