
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि राज्य सरकार की “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 4 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक जनपद ऊधम सिंह नगर में “सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर विकास, जनकल्याण और जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लाभार्थियों को सीधे उनका लाभ उपलब्ध कराना है।
रोजगार, खेल और नवाचार से होगी सेवा सप्ताह की शुरुआत
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह का शुभारंभ 4 जुलाई को रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास पर आधारित जनपद स्तरीय कार्यक्रम से होगा। इसी अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
5 जुलाई को मनोज सरकार स्टेडियम, रुद्रपुर में मैराथन और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं विकास खंड कार्यालय, जसपुर में प्रदेश सरकार की नई और अभिनव योजनाओं पर केंद्रित विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
आधारभूत विकास, उद्योग और कृषि पर रहेगा विशेष फोकस
6 जुलाई को विकास खंड मुख्यालय, गदरपुर में रेल, सड़क, हवाई सेवाओं तथा अन्य बड़ी आधारभूत विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
7 जुलाई को नगर निगम, काशीपुर में उद्योग तथा लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र पर आधारित कार्यक्रम होंगे। इसी दिन सितारगंज स्थित महाराज अग्रसेन ट्रस्ट में कृषि, उद्यान और पशुपालन से संबंधित योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
महिला, युवा और स्वास्थ्य योजनाओं पर भी विशेष आयोजन
8 जुलाई को श्री रामजन्म धर्मशाला, बाजपुर में महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण और सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा सप्ताह का समापन 10 जुलाई को विकास खंड मुख्यालय, खटीमा में स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र पर केंद्रित विशेष शिविरों के साथ होगा। यहां स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा उपकरण वितरण, महिलाओं, बालिकाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम, शिविर और जनजागरूकता गतिविधियां संबंधित स्थानों पर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शुरू होंगी। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा शिकायतों का पंजीकरण एवं त्वरित समाधान, स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरणों का वितरण, बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी सहायता, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही राजस्व विभाग की ओर से लंबित मामलों के निस्तारण के लिए समाधान समारोह एवं विशेष लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा।



