उत्तर प्रदेशराज्य

वृंदावन में हाईटेक पर्यटन थाने का सीएम योगी ने किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं को मिलेगी त्वरित मदद

मथुरा। ब्रज तीर्थ धाम में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम को वृंदावन में नवनिर्मित पर्यटन थाने का भव्य उद्घाटन किया। यह थाना न केवल अपराध नियंत्रण, बल्कि तीर्थयात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा और सहायता प्रदान करने के लिए एक अत्याधुनिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

वृंदावन का यह नया पर्यटन थाना देशी और विदेशी पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। थाने में तैनात पुलिसकर्मी अंग्रेजी सहित कई विदेशी और प्रांतीय भाषाओं में पारंगत हैं, ताकि वे बाहरी पर्यटकों की समस्याओं को आसानी से समझ सकें। थाने में एक 24×7 सहायता केंद्र और विशाल स्वागत हॉल बनाया गया है, जहां यात्री विश्राम कर सकते हैं और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सुरक्षा के मोर्चे पर यह थाना बेहद खास है। इसे ’सेफ सिटी’ प्रोजेक्ट के तहत अत्याधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस और स्मार्ट निगरानी प्रणाली से जोड़ा गया है। थाने में एक साइबर सेल भी बनाया गया है, जो डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े मामलों पर नजर रखेगा।

पर्यटकों के साथ होने वाली चोरी या ठगी जैसी घटनाओं की अब यहां सीधे रिपोर्टिंग और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाएगी। पर्यटन थाने के भीतर ही एक सूचना केंद्र स्थापित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं को क्षेत्र के प्रमुख होटलों, गेस्ट हाउसों, धर्मशालाओं और मंदिरों के समय व स्थान की सटीक जानकारी मिलेगी। साथ ही होटलों और धर्मशालाओं के पंजीकरण की सुविधा भी यहां उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्रियों को रुकने के लिए सुरक्षित और प्रमाणित स्थान मिल सके। सरकार ने इस थाने में समावेशी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया है। महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए यहां विशेष महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है, वहीं दिव्यांगजन के लिए बाधारहित पहुंच (रैम्प) और आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

पर्यटन थाना के उद्घाटन से पहले सीएम योगी ने गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में निर्माणधीन स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का निरीक्षण भी किया तथा कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button