उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड के इन दो रूट्स पर CM धामी ने हवाई सेवाओं का किया वर्चुअल शुभारंभ

देहरादून 1 अक्टूबर।। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हवाई सेवाओं से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को सुगम परिवहन उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति के कारण पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हेली सेवाओं से अब हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने का समय 3-4 घंटे से घटकर कुछ मिनटों का रह जाएगा। इससे पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी उड़ान योजना ने प्रदेश में हवाई संपर्क को मज़बूत बनाने में अहम योगदान दिया है। इसके अंतर्गत राज्य में हवाई पट्टियों और हेलीपोर्ट्स का तेजी से विकास हो रहा है। वर्तमान में 18 हेलीपोर्ट्स में से 12 पर सेवाएँ सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी हैं।

अब तक गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी इन सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं, ताकि उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त स्थान दिलाया जा सके।

ज्ञात रहें कि पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी रूट पर हेली सेवाएँ सप्ताह के सातों दिन दिन में दो बार संचालित होंगी।

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी – सुबह 10:30 बजे एवं दोपहर 1:50 बजे

मुनस्यारी से पिथौरागढ़ – सुबह 10:50 बजे एवं दोपहर 2:10 बजे

हल्द्वानी से अल्मोड़ा – सुबह 11:50 बजे एवं दोपहर 3:10 बजे

अल्मोड़ा से हल्द्वानी – दोपहर 12:50 बजे एवं शाम 4:10 बजे

इन हवाई सेवाओं का किराया ₹2500 निर्धारित किया गया है। यात्री टिकट बुकिंग https://airheritage.in/ के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button