उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से सभी वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें समाज का स्तंभ बताते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक पौधा अपनी मां के नाम पर रोपित किया। साथ ही उन्होंने वृद्धजनों की सेवा के लिए समर्पित निःशुल्क एंबुलेंस वैन और वाकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश के लगभग 6 लाख बुजुर्गों को पेंशन डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में दी जा रही है।

धामी ने कहा कि प्रदेश में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में भवन निर्माणाधीन हैं। वहीं, केंद्र सरकार के सहयोग से रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण हो रहा है। रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रमों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य में इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य है। साथ ही राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस वर्ष 1,300 वृद्धजनों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का भी लक्ष्य रखा गया है। बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को भी राज्य में लागू किया गया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक समाज कल्याण चंद्रसिंह धर्मशक्तू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button