
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इन अभियानों में एनआईएम और जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान (JIM&WS), पहलगाम का संयुक्त माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल था।
पर्वतारोहियों का साहस और अनुशासन अनुकरणीय: मुख्यमंत्री
सफल पर्वतारोहियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनका साहस, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ-साथ देशभर के युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने और प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) ने साहसिक खेलों, उच्च हिमालयी प्रशिक्षण और युवा विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को न केवल उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित कर रहा है।
अर्जेंटीना की सबसे ऊंची चोटी ‘माउंट एकांकागुआ’ पर फहराया तिरंगा
संयुक्त अभियान के तहत कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय दल ने अर्जेंटीना स्थित दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकांकागुआ (6,961 मीटर) पर 22 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया। इस प्रतिष्ठित अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से झंडी दिखाकर रवाना किया था।
‘नुन-कुन अभियान 2026’: एक ही दल ने हासिल की ट्रिपल सफलता
एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित के नेतृत्व में संचालित नुन-कुन अभियान-2026 ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की। दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन प्रमुख चोटियों पर विजय प्राप्त की:
-
15 अगस्त: माउंट कुन (7,077 मीटर)
-
26 अगस्त: माउंट डेल्टा-41 (5,908 मीटर)
-
31 अगस्त: माउंट नुन (7,135 मीटर)
उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि उत्तराखंड की भौगोलिक संरचना पर्वतारोहण और एडवेंचर टूरिज्म के लिए असीमित अवसर प्रदान करती है। इस प्रकार के अभियान राज्य की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव (खेल एवं युवा कल्याण) अमित कुमार सिन्हा, एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, पहलगाम संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित अभियानों के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



