उत्तराखंडराज्य

चंपावत में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026, 62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धूरा स्थित रामलीला मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने चंपावत जिले के विकास के लिए 62.97 करोड़ रुपये की लागत वाली 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 11.08 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण तथा 51.89 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इन योजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

चंपावत से मिलने वाला अपनापन देता है विशेष ऊर्जा

मातृशक्ति को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद वह चंपावत जरूर आते, क्योंकि यहां आकर उन्हें अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आने जैसा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें विशेष ऊर्जा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से कुमाऊंनी भाषा में संवाद भी किया। उन्होंने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

हर महिला को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक राज्य की प्रत्येक मातृशक्ति सशक्त नहीं हो जाती, तब तक सरकार चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर महिलाओं से भी है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का मतलब केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं है। इसका वास्तविक उद्देश्य महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर परिवार और समाज के निर्णयों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें कॉलेज हॉस्टल, आईटीआई लैब, 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान और महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेटियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता को निखारने के लिए गांव या जिले से बाहर जाने की जरूरत न पड़े।

लखपति दीदी से करोड़पति दीदी बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति दीदी बनें। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘हाउस ऑफ हिमालयास’, हिलान्स आउटलेट, मोबाइल कार्ट, फूड वैन और ई-रिक्शा जैसे माध्यम महिलाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।

माताओं और शिशुओं के पोषण पर भी ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्भवती और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना और महालक्ष्मी किट जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाना है।

चंपावत में कई नई विकास योजनाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री ने धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क तथा भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज एवं प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण की घोषणा की।

इसके साथ ही धन एवं बस्तियागूंठ स्थित मंदिरों के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की गई।

बाढ़ और भूकटाव से सुरक्षा के लिए होंगे कार्य

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव और बाढ़ से सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य, पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी-चौड़ा सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की।

स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर पारंपरिक आटा पीसने के उपकरण ‘चाख’ को चलाया।

बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को रक्षाबंधन के उपहार भी वितरित किए गए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत समेत कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button