
पिथौरागढ़ दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम में उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण कर इसे जनपदवासियों को समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का खेल प्रेमी अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने क्रिकेट पिच पर बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर मैदान का औपचारिक उद्घाटन किया।
खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरे मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं और खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का भी मजबूत माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से राज्य में चल रहे नशामुक्ति अभियान से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के उदीयमान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है, ताकि वे उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।
खेल महाकुंभ से ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान कर रहे हैं। राज्य सरकार लगातार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशभर में खेल मैदानों और स्टेडियमों का विकास किया जा रहा है।
क्रिकेट मैदान में लगेंगी फ्लड लाइट्स
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि श्री सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम के क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट्स की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे खिलाड़ियों को रात्रिकालीन अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।



