उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश, सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने में तेजी लाने पर जोर

खटीमा में स्थित अपने निजी आवास से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में कानून व्यवस्था, सरकारी भूमि संरक्षण, चारधाम यात्रा, मानसून तैयारियों और किसानों से जुड़ी योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

सरकारी भूमि और ग्राम सभा की जमीनों की होगी व्यापक जांच

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान को और अधिक तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में मौजूद सरकारी जमीनों की भी विस्तृत जांच की जाए और भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जहां भी भू कानून के उल्लंघन के मामले सामने आएं, वहां संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। इसके अलावा शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वक्फ संपत्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वक्फ संपत्तियों का पूरा विवरण ‘उम्मीद पोर्टल’ पर दर्ज किया जाए और उसकी नियमित समीक्षा व जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच करने और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान करने पर भी जोर दिया।

इसके साथ ही जनसेवा केंद्रों की जांच कर अवैध राशन कार्ड के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।

मानसून से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित की जाए और पेयजल, सड़क मरम्मत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि किसी कारणवश कटौती आवश्यक हो तो जनता को पहले से इसकी जानकारी दी जाए।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने बैठक में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से नियमित फीडबैक लिया जाए और उसके आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए।

उन्होंने पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने के आदेश दिए।

किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि पॉलीहाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे। उन्होंने परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर बल देते हुए किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से होंगे पुनर्निर्माण कार्य

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तेजी से पूरे किए जाएं ताकि मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने जोशीमठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button