उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर में पुलिस कांस्टेबल पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप

जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित उधम सिंह नगर पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना पंतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

खेल अभ्यास के लिए जाते समय हुई घटना
पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, रुद्रपुर निवासी उनकी नाबालिग बेटी शनिवार शाम रुद्रपुर स्टेडियम खेल अभ्यास के लिए जा रही थी। इसी दौरान जब वह पुलिस लाइन परिसर से होकर स्टेडियम की ओर बढ़ रही थी, तभी वहां तैनात कांस्टेबल ने कथित रूप से नशे की हालत में उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।

पीड़िता ने दिखाई हिम्मत, परिजनों को दी जानकारी
घटना के समय पीड़िता ने साहस का परिचय देते हुए किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और स्टेडियम पहुंचकर अपने दोस्तों तथा परिजनों को पूरी आपबीती बताई। जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत सक्रिय हो गए।

पुलिस लाइन में हंगामा, वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली स्थिति
घटना से आक्रोशित परिजन पुलिस लाइन पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस लाइन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा, जांच जारी
थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी त्रिभुवन जोशी के खिलाफ बीएनएस की धारा 7, 8 और 75 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी कांस्टेबल निलंबित, तबादले की प्रक्रिया शुरू
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपित कांस्टेबल त्रिभुवन जोशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उसे अन्य जिले में स्थानांतरित किए जाने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button