उत्तराखंडराज्य

मुख्य देयकों की वसूली में तेजी लाएं, मानसून के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें: जिलाधिकारी

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्य एवं विविध देयकों की वसूली में तेजी लाई जाए तथा मानसून के मद्देनजर सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य करें। मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित रूप से न्यायालय संचालित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा बकायेदारों से सख्ती के साथ राजस्व वसूली की जाए। साथ ही सभी मजिस्ट्रियल जांच समयसीमा के भीतर पूरी करने के भी निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

बैठक के दौरान कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस सक्रियता के साथ कार्य करे। इसके अलावा अनैतिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

चकबंदी कार्य में तेजी लाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है, वहां कार्य में तेजी लाई जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी की जाए।

अवैध शराब और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई

आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब के निर्माण और अवैध मदिरा की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

शिकायतों का समय पर निस्तारण और व्यक्तिगत संवाद पर जोर

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोगों के संदर्भ, रिट याचिकाओं, ऑडिट आपत्तियों तथा पेंशन संबंधी मामलों की रिपोर्ट समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद भी करें।

खाद्य सुरक्षा को लेकर नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित जांच अभियान चलाने, खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने तथा शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के लिए रोस्टर तैयार कर संबंधित उपजिलाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी जाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, गौरव पांडेय, अभय प्रताप सिंह, राहुल शाह, तुषार सैनी, ओसी हिमांशु कफल्टिया, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एलएम पांडे सहित तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button