
चम्पावत जिले में सहेली की शादी में शामिल होने गई एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
112 पर सूचना के बाद शुरू हुई तलाश
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के अनुसार 6 मई 2026 को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक नाबालिग घर नहीं लौटी है। बताया गया कि पीड़िता 5 मई को ग्राम सल्ली में अपनी सहेली के विवाह समारोह में गई थी और इसके बाद वापस नहीं लौटी।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने खोजबीन शुरू की और स्थानीय स्तर पर सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान बालिका को एक डेयरी के पास से बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आए गंभीर आरोप
बरामदगी के बाद जब पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की तो उसने जो बयान दिया, उससे पुलिस भी स्तब्ध रह गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
घटना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तुरंत पीड़िता को जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण और उपचार कराया गया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई और जांच तेज
एसपी रेखा यादव ने स्वयं मामले का संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की मदद से मौके से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।
एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
परिजनों को दिया गया भरोसा
पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर जोर
एसपी ने स्पष्ट किया कि चम्पावत पुलिस महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
फिलहाल पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना तेजी से जारी है।



