
देहरादून में रविवार को आयोजित विभिन्न होली मिलन समारोहों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सहभागिता कर प्रदेशवासियों को रंगों के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश देने वाला उत्सव है, जो लोगों को आपसी प्रेम के सूत्र में बांधता है।
प्रेमनगर में माँ बधाणगढ़ी पिंडर घाटी समिति के कार्यक्रम में शामिल हुए
मंत्री गणेश जोशी ने प्रेमनगर में माँ बधाणगढ़ी पिंडर घाटी समिति द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने फूलों की होली खेलते हुए उपस्थित जनसमूह को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता, पारस्परिक प्रेम और सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पिंडर घाटी क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर मिलन केंद्र स्थापित करने की घोषणा की, जिससे स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों को दी बधाई
इसके उपरांत मंत्री जोशी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पत्रकार बंधुओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को समाज की मजबूती और जागरूकता का आधार बताया।
कुर्मांचल परिषद के समारोह में भी रहे उपस्थित
मंत्री गणेश जोशी ने कुर्मांचल परिषद की हाथीबड़कला शाखा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं हमारी असली पहचान हैं और ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने का आह्वान
अपने संदेश में मंत्री जोशी ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की कि वे होली के इस पावन अवसर को मिलजुलकर, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी विश्वास का संचार होता है, जो राज्य की प्रगति में सहायक सिद्ध होता है।



