उत्तराखंडराज्य

वास्तविक पात्र मतदाता का नाम किसी भी स्थिति में नहीं हटेगा: मंडलायुक्त

रुद्रपुर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत रुद्रपुर जिला मुख्यालय स्थित दो स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर में संचालित SIR कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। विभिन्न बूथों पर पूर्व में जारी नोटिसों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि नोटिसों की तामील और संबंधित व्यक्तियों को रसीद उपलब्ध कराने समेत सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

बूथ पर स्कैनिंग के जरिए मतदाता सूची का किया निरीक्षण

आयुक्त ने स्वयं बूथ पर स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अधिकांश त्रुटियां मतदाताओं के नाम से संबंधित हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें सुनवाई की निर्धारित तिथि भी अंकित की गई है।

उन्होंने कहा कि संबंधित मतदाता निर्धारित तिथि पर अपने बूथ पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर नाम से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करा सकते हैं। इसके लिए हाईस्कूल (10वीं) का प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

2003 की मतदाता सूची के आधार पर हो रही मैपिंग

आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर जिन मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है अथवा जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बूथ पर उपस्थित होकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

आयुक्त दीपक रावत ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांतियों अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति वास्तविक और पात्र मतदाता है, उसका नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। ऐसे मतदाता को मतदान करने का पूरा अधिकार प्राप्त रहेगा।

एईआरओ को बूथों पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश

इसके अलावा एईआरओ (AERO) के बूथवार बैठने का शेड्यूल भी तैयार किया गया है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी एईआरओ निर्धारित तिथि और समय पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहें तथा मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटोला, एईआरओ राजेश दुर्गापाल, असित आनंद सहित सुपरवाइजर एवं बीएलओ मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button