विधानसभा चुनाव 2026 से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व PCC अध्यक्ष का इस्तीफा

पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तकरार छिड़ी है. सभी पार्टियां चुनावी मैदान में अपना दमखम लगा रही हैं, इसी बीच कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस नेता एवी सुब्रमण्यम ने कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पुडुचेरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वी वैथिलिंगम को एक लेटर लिखा और लेटर में उन्होंने इस फैसले के लिए ‘निजी कारणों और जरूरी हालात’ का हवाला दिया.
कांग्रेस ने जारी की थी लिस्ट
उनका ये फैसला पुडुचेरी कांग्रेस प्रेसिडेंट वी वैथिलिंगम द्वारा चुनावों के लिए पार्टी के 16 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने के बाद आया है. लिस्ट के मुताबिक, डीपीआर सेल्वम मन्नादीपट्टू से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पी कार्तिकेयन को ऊसुडू से मैदान में उतारा गया है. दूसरे जाने-माने उम्मीदवारों में इंदिरानगर से एन राजा कुमार, थट्टांचवडी से वी वैथिलिंगम, कामराजनगर से पीके देवदास और लॉसपेट से एम वैद्यनाथन चुनावी मैदान में रहेंगे.
माहे से किसे मिला टिकट
जी राजेंद्रन मुथियालपेट से, जे विजयलक्ष्मी अरियानकुप्पम से और आरकेआर आनंदरामन मनावेली से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी ने एम कंदासामी को एम्बालम से, जी अनपरसन को नेट्टापक्कम से, दिनेश कुमार को नेदुंगडू से, आर कमलकन्नन को थिरुनल्लर से और एएम रंजीत को कराईकल नॉर्थ से मैदान में उतारा है. वहीं माहे में, रमेश परमपत को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि कोल्लापल्ली श्रीनिवास अशोक यानम से चुनाव लड़ेंगे.
DMK के साथ चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
उम्मीदवारों की घोषणा इस हफ्ते की शुरुआत में कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के बीच हुए सीट-शेयरिंग समझौते के बाद हुई है, जिसके तहत कांग्रेस 30 में से 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि DMK बाकी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी के पुडुचेरी चुनाव इंचार्ज जगदरक्षगन ने कहा कि हम DMK को दी गई 14 सीटों पर गठबंधन पार्टियों के बीच सीटें शेयर करेंगे. पुडुचेरी के अलावा तमिलनाडु में भी कांग्रेस और DMK चुनाव लड़ेंगे. केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 2026 का विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को एक ही फेज में होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी.



