उत्तराखंडराज्य

देहरादून-मसूरी मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, मरम्मत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

देहरादून। लगातार हुई अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाले बैण्ड क्षेत्र का बुधवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

यातायात जल्द सामान्य करने पर जोर

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देहरादून और मसूरी के बीच आवागमन को जल्द से जल्द पूरी तरह बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और जहां सड़क दलदली हो गई है, वहां तुरंत पत्थर, गिट्टी एवं अन्य आवश्यक सामग्री डालकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।

सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के निर्देश

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संभावित जोखिम वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की तैनाती की जाए। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

अधिकारी भी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को मरम्मत कार्य की प्रगति और आगे की कार्ययोजना से भी अवगत कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button