
उत्तराखंड में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुमाऊं यूनिट की टीम ने सितारगंज क्षेत्र में छापेमारी करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हाथी दांत बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्य में वन्यजीव अपराधों और अवैध तस्करी पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने टीमों को सक्रिय करते हुए तस्करों के खिलाफ ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। एसटीएफ को सितारगंज क्षेत्र में हाथी दांत की अवैध तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसे स्थानीय स्तर पर सत्यापित किया गया।
बराकोली रेंज में संयुक्त ऑपरेशन
सूचना की पुष्टि होने के बाद एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बराकोली वन रेंज, कल्याणपुर क्षेत्र में देर रात चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बड़ा हाथी दांत बरामद हुआ, जिसकी लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच, गोलाई 13 इंच और वजन करीब 7 किलो 820 ग्राम है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
हाथी और उसके अंगों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की प्रथम अनुसूची में शामिल किया गया है, जिसके तहत उनका शिकार और व्यापार गंभीर अपराध माना जाता है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बराकोली रेंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
एसएसपी एसटीएफ के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील
एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ से संपर्क करें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मरतुञ्जय हलदार (32 वर्ष) और माणिक मंडल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सितारगंज थाना क्षेत्र के शक्तिफार्म, गुरुग्राम इलाके के निवासी हैं।
बरामदगी का विवरण
कार्रवाई के दौरान एक हाथी दांत और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (नंबर UK 06 AP 0178) बरामद की गई है।
संयुक्त टीम की भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में एसटीएफ और वन विभाग की टीमों ने मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसटीएफ टीम में निरीक्षक विकास चौधरी समेत कई अधिकारी शामिल रहे, जबकि वन विभाग की ओर से क्षेत्राधिकारी और बीट अधिकारियों ने सहयोग किया।



