इतिहास रचने वाला है! दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने के रास्ते एलन मस्क, बस कुछ दूरी का है फासला

नई दिल्ली. दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) अब इतिहास रचने की तैयारी में हैं. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ला (Tesla) के नए बोनस और शेयर पैकेज के जरिए मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर मैन बन सकते हैं. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो अगले कुछ सालों में उनकी कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 84 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. इस रिपोर्ट के अनुसार, मस्क को मिलने वाला यह स्टॉक पैकेज अब तक किसी भी कॉर्पोरेट इतिहास में सबसे बड़ा माना जा रहा है. एनडीटीवी की एक रिपोर्टे के अनुसार, अगर मस्क ट्रिलियनेयर बनते हैं, तो उनकी संपत्ति कई देशों की पूरी अर्थव्यवस्था से बड़ी होगी. उदाहरण के तौर पर, उनकी नेटवर्थ इंडोनेशिया, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड और सऊदी अरब जैसे देशों की जीडीपी से भी ज्यादा हो जाएगी. यानी, अकेले मस्क के पास उतनी संपत्ति होगी जितनी एक पूरे विकसित देश के पास होती है.
दरअसल, टेस्ला बोर्ड ने एक ऐसा परफॉर्मेंस-बेस्ड इंसेंटिव स्ट्रक्चर तैयार किया है, जिसमें अगर कंपनी कुछ वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करती है, तो मस्क को अरबों डॉलर के शेयर मिलेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्लान का लक्ष्य टेस्ला को 8.5 ट्रिलियन डॉलर की मार्केट वैल्यू तक पहुंचाना है. यह आंकड़ा आज की तुलना में लगभग 8 गुना ज्यादा है. अगर यह होता है, तो सिर्फ कंपनी ही नहीं, मस्क की नेटवर्थ भी विस्फोटक रूप से बढ़ जाएगी. विश्लेषकों का मानना है कि इस बोनस पैकेज से मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति अकेले ही 1 ट्रिलियन डॉलर के पार जा सकती है.
टेस्ला के नए बोनस पैकेज के तहत एलन मस्क की संपत्ति कितनी हो सकती है?
- Aदो सौ अरब डॉलर
- Bएक ट्रिलियन डॉलर
- Cपांच सौ अरब डॉलर
- Dपचास अरब डॉलर
पहले से 13% के मालिक
मस्क पहले से ही टेस्ला के लगभग 13% शेयर के मालिक हैं. अगर कंपनी का वैल्यूएशन बढ़ता है, तो उनके मौजूदा शेयरों का मूल्य भी कई गुना बढ़ जाएगा. इसके अलावा, इस नए पैकेज के ज़रिए उन्हें अतिरिक्त शेयर भी मिलेंगे, जो सीधा उनकी नेटवर्थ को आसमान पर पहुंचा देंगे. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह सारी संपत्ति और वैल्यूएशन वैश्विक असमानता को और गहरा कर सकती है. यूनाइटेड नेशन्स वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (UN WFP) ने पहले कहा था कि दुनिया में भूख मिटाने के लिए हर साल करीब 40 अरब डॉलर की जरूरत है जो मस्क के इस संभावित बोनस का एक छोटा हिस्सा ही है.
क्या है आलोचना?
आलोचकों का कहना है कि एक ओर जहां पूरी दुनिया महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, वहीं मस्क जैसे अरबपतियों की संपत्ति का ग्राफ आसमान छू रहा है. हालांकि, समर्थक तर्क देते हैं कि टेस्ला का इनोवेशन और मस्क की जोखिम लेने की क्षमता ही दुनिया को इलेक्ट्रिक वाहनों और एआई टेक्नोलॉजी में आगे ले जा रही है. अगर टेस्ला अपने लक्ष्यों को हासिल कर लेती है, तो एलन मस्क इतिहास में नाम दर्ज कराने वाले पहले ऐसे इंसान बन सकते हैं जिनकी संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा होगी.


