‘दृश्यम 3’ का धांसू टीजर जारी, जॉर्जकुट्टी को सता रहा अतीत का डर, क्या सच में रखी जा रही उन पर चोरी-छुपे नजर?

सस्पेंस और थ्रिलर का पर्याय बन चुकी ‘दृश्यम’ सीरीज का तीसरा और आखिरी पार्ट अब जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है. मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसे देखने के बाद लोगों की धड़कनें तेज हो गई हैं. टीजर में दिख रहे इंटेंस सीन्स यह संकेत दे रहे हैं कि इस बार कहानी सीधे साल 2013 की पहली फिल्म से जुड़ी है. जॉर्ज कुट्टी के परिवार के सामने एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. फैंस अब बस यह जानने के लिए बेताब हैं कि क्या इस बार कानून के लंबे हाथ जॉर्ज कुट्टी तक पहुंच पाएंगे?
फिल्म का ऑफिशियल टीजर रिलीज
फिल्म का ऑफिशियल टीजर जारी कर दिया गया है. फिलहाल यह फिल्म का मलयालम वर्जन है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं. टीजर में दिखाए गए सस्पेंस और इंटेंस सीन्स देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म की कहानी पहले पार्ट से गहराई से जुड़ी हुई है. फिल्म के हिंदी वर्जन को लेकर काफी चर्चा हो रही है, जिसे मलयालम रिलीज के बाद लाया जाएगा.
इस दिन होगी फिल्म रिलीज
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर फैंस काफी समय से कयास लगा रहे थे. पहले यह फिल्म अप्रैल के शुरुआती हफ्ते में आने वाली थी, लेकिन कुछ तकनीकी वजहों से इसे आगे बढ़ाना पड़ा. अब आधिकारिक तौर पर यह फिल्म 21 मई 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है. फैंस अब इस तारीख के लिए अपने कैलेंडर मार्क कर चुके हैं. निर्देशक जीतू जोसेफ ने साफ कर दिया है कि ‘दृश्यम 3’ इस सफल फ्रेंचाइजी का अंतिम भाग है. यह फिल्म इस कहानी का निष्कर्ष (कंक्लूजन) होगी, जो जॉर्ज कुट्टी के सफर को एक मुकाम पर ले आएगी. यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या जॉर्ज कुट्टी इस बार अपनी चालाकी से फिर बच पाएगा या पुलिस के हत्थे चढ़ जाएगा. फिल्म का निर्माण एंटनी पेरंबावूर ने किया है.
पुरानी टीम की हुई वापसी
फिल्म की जान इसकी पुरानी कास्ट है. मोहनलाल के साथ अनसिबा हसन और ईस्थर अनिल फिर से अपने पुराने अंदाज में नजर आएंगे. इसके अलावा, फिल्म के संगीत की कमान एक बार फिर अनिल जॉनसन ने संभाली है. उन्होंने पिछले दोनों भागों में अपनी धुनों से जिस तरह सस्पेंस को बढ़ाया था, वैसा ही जादू इस बार भी देखने को मिलेगा.
बॉक्स ऑफिस पर तोड़ेगी रिकॉर्ड?
साल 2013 में आई पहली फिल्म और उसके बाद दूसरे पार्ट की अपार सफलता के बाद, तीसरे पार्ट से उम्मीदें आसमान छू रही हैं. यह फिल्म न केवल दर्शकों के लिए एक इमोशनल सफर है, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी इसके रिकॉर्ड तोड़ कमाई करने की पूरी संभावना है. जॉर्ज कुट्टी का यह ‘आखिरी दांव’ सिनेमाघरों में भीड़ जुटाने के लिए पूरी तरह से तैयार है.


