उत्तराखंडराज्य

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने स्कूटी से पहुंचकर दिया ईंधन बचत का संदेश

देहरादून में पश्चिमी एशिया में जारी युद्ध और बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को ईंधन बचत और सादगी का अनूठा संदेश दिया। मंत्री ने शासकीय वाहन का उपयोग न करते हुए स्कूटी से अपने कैंप कार्यालय पहुंचकर आमजन को पेट्रोल और डीजल की बचत के लिए प्रेरित किया।

दो पहिया वाहन से पहुंचे कैंप कार्यालय

गढ़ी कैंट में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंत्री गणेश जोशी दो पहिया वाहन से अपने कैंप कार्यालय पहुंचे। इस दौरान लोगों ने उनके इस प्रयास की सराहना की। मंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात को देखते हुए हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह संसाधनों का सोच-समझकर उपयोग करे और अनावश्यक ईंधन खर्च से बचे।

उन्होंने कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए यदि लोग निजी चार पहिया वाहनों की बजाय दो पहिया वाहन, सार्वजनिक परिवहन या साझा वाहनों का उपयोग करें तो इससे ईंधन की बड़ी बचत हो सकती है।

पर्यावरण संरक्षण में भी मिलेगी मदद

कृषि मंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने से न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर ऊर्जा संरक्षण की दिशा में सहयोग करें।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए वह स्वयं भी स्थानीय कार्यक्रमों और निकट दूरी के दौरों में अधिक से अधिक दो पहिया वाहन का उपयोग करेंगे।

प्रधानमंत्री के संदेश को बताया महत्वपूर्ण

गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और आत्मनिर्भरता का संदेश देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी बेहद आवश्यक है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए थोड़ी सतर्कता बरते, तो देश ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button